विश्व हिंदी पत्रकारिता दिवस पर रोमांचक मुकाबला : विवेकानंद हाई स्कूल ने मीडिया इलेवन को 7 विकेट से हराया

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

⏩ खेल व्यक्ति को तनाव से रखता है दूर : सैनी :

⏩ पुलिस विभाग की तरफ से आज रहेगा तंबाकू निषेध का संदेश

भिवानी। भिवानी मे विश्व हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मीडिया इलेवन और विवेकानंद हाई स्कूल टीम के बीच आयोजित दो दिवसीय टी-20 क्रिकेट मुकाबला रोमांच और खेल भावना से भरपूर रहा। बाल भवन स्कूल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड, महम रोड पर खेले गए इस मुकाबले में विवेकानंद हाई स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मीडिया इलेवन को 7 विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया इलेवन की टीम ने निर्धारित ओवरों में 110 रन बनाकर विवेकानंद हाई स्कूल के सामने 111 रनों का लक्ष्य रखा। मीडिया टीम की ओर से जॉनी कुमार ने आकर्षक बल्लेबाजी करते हुए चौकों और छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। नवीन और हितेश की जोड़ी ने 20 रन जोड़े, जबकि कप्तान दीपक, कृष्ण और सुंदर ने भी उपयोगी योगदान देते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विवेकानंद हाई स्कूल की टीम की शुरुआत शानदार रही। मास्टर अमन कुमार और मास्टर दयानंद ने टीम को मजबूत आधार प्रदान किया। अमन कुमार ने 36 गेंदों में शानदार 49 रन बनाए, जबकि मास्टर दयानंद ने चौकों और छक्कों की मदद से 28 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हालांकि मीडिया टीम के तेज गेंदबाजों ने दयानंद को ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकने नहीं दिया, लेकिन तब तक वे टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे।इसके बाद अमन कुमार का साथ देने मैदान में उतरे अवशेष ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लगातार चौके और छक्के लगाए तथा 25 रन बनाकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। कप्तान कपिल ने भी 10 रन का योगदान दिया। अमन कुमार की संयमित और प्रभावशाली बल्लेबाजी के दम पर विवेकानंद हाई स्कूल ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।मुकाबले में गेंद और बल्ले दोनों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मास्टर दयानंद को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

उन्होंने बल्लेबाजी में 23 गेंदों पर 28 रन बनाए तथा गेंदबाजी में मीडिया टीम के तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। विवेकानंद हाई स्कूल के कप्तान कपिल ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सीनियर मीडियाकर्मियों के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। विजेता व उप विजेता टीमों को पूर्व जिला खेल अधिकारी दर्शन लाल मिड्ढा, वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम तंवर, सोमबीर शर्मा, वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ़ भिवानी के जिला अध्यक्ष जगबीर घनघस ने बधाई दी।

इस अवसर पर मीडिया टीम कोच एवं वरिष्ठ पत्रकार अजय सैनी, स्वदेशी क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक शर्मा, इंद्रवेश दुहन तथा सोमबीर शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमें तनावमुक्त रखते हैं और स्वस्थ जीवन के लिए नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता जैसे व्यस्त और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए खेल मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का बेहतर माध्यम हैं।आयोजक एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि विश्व हिंदी पत्रकारिता दिवस और विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस दो दिवसीय टी-20 प्रतियोगिता का उद्देश्य पत्रकारों को खेलों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ से जुड़े पत्रकार दिनभर तनावपूर्ण वातावरण में कार्य करते हैं, ऐसे में खेल उन्हें नई ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करते हैं। उन्होंने दोनों टीमों को शानदार खेल प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय यह संदेशात्मक टी 20 मुकाबला 31 मई विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर गांव ढाणा नरसान में नशा मुक्ति व हिट एंड रन सड़क सुरक्षा के संदेश के साथ समापन रहेगा। जिसमें पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में एसएचओ संजय कुमार मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी सुरेंद्र लोहिया करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!