भिवानी। ओम शांति रिट्रीट सेंटर दिल्ली जोन द्वारा संचालित ‘पीस माई नेचर’ अभियान के अंतर्गत स्थानीय हुडा पार्क में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की गौशाला मार्केट एवं सिद्धि धाम शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आध्यात्मिक शांति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज सदस्यों ने शांति यात्रा निकालकर आमजन को शांति, मौन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।

इस अवसर पर राजयोगिनी बीके कीर्ति बहन एवं राजयोगिनी बीके सुमित्रा बहन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मिक शांति तभी प्राप्त हो सकती है जब व्यक्ति अपने विचारों को सकारात्मक बनाए। उन्होंने कहा कि सरलता, स्वयं की पहचान, परमात्मा के ज्ञान और प्रकृति के सौंदर्य को समझने से जीवन में वास्तविक शांति का अनुभव होता है।उन्होंने सभी को प्रतिदिन पांच मिनट विश्व शांति के लिए ध्यान और शुभ संकल्पों का दान करने का संकल्प भी दिलाया।

वक्ताओं ने कहा कि आज विश्व में शांति की सबसे अधिक आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति अपने सकारात्मक विचारों के माध्यम से इस दिशा में योगदान दे सकता है। कार्यक्रम के बाद ब्रह्माकुमारीज सदस्यों ने हाथों में शांति संदेशों वाली पट्टिकाएं और झंडे लेकर मौन शांति यात्रा निकाली। यात्रा के माध्यम से लोगों को मौन की शक्ति, मानसिक शांति और आपसी सद्भाव के महत्व से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर बीके आरती, बीके श्वेता, बीके पूनम, बीके द्रोपदी, बीके मीनाक्षी, बीके शारदा, बीके सुनीता, बीके राज, बीके संतोष, बीके कल्पना, बीके सुशील, बीके भीम सिंह चौहान, बीके हिंदराज, बीके राजेंद्र, बीके सुनील, बीके मनोज तथा मीडिया कॉर्डिनेटर बीके धर्मवीर सहित बड़ी संख्या में ब्रह्मावत्स उपस्थित रहे।
