राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, रूद्रा कॉलोनी, भिवानी में पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कल्पना शर्मा ने शाखा को 51 पौधे भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

कल्पना शर्मा ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था समाज, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रक्तदान जैसे अनेक सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का नियमित रूप से आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा संचालिका बीके रजनी दीदी ने कहा कि प्रकृति के अत्यधिक दोहन के कारण मानव समाज अनेक प्रकार की समस्याओं और बीमारियों का सामना कर रहा है। पेड़-पौधे जहां हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, वहीं जंगलों की लगातार कटाई से प्रदूषण बढ़ रहा है तथा प्रकृति का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। उन्होंने सभी से प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।बीके रजनी दीदी ने कहा कि जिस प्रकार मानसिक प्रदूषण से स्वयं को बचाना आवश्यक है, उसी प्रकार पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना भी हमारा कर्तव्य है।
ब्रह्माकुमारी संस्था का संदेश है “मन स्वच्छ, तन स्वच्छ, प्रकृति स्वच्छ और पर्यावरण स्वच्छ।” इसी उद्देश्य के तहत संस्था ने 101 पौधे लगाने का संकल्प लिया।उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने संस्कारों में भी सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लेना चाहिए। जब मन में संतोष होगा तो प्रकृति का शोषण स्वतः कम होगा और संरक्षण की भावना विकसित होगी। राजयोग हमें अपने मूल स्वरूप सुख, शांति और संतुष्टि की याद दिलाता है, जिससे जीवन में संतुलन और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता आती है।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए और अधिक से अधिक पौधे लगाकर आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भूजल स्तर में लगातार गिरावट का एक प्रमुख कारण पेड़ों की कमी भी है, इसलिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना समय की मांग है। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी सुभाष गोयल, हिंदी की स्नातकोत्तर शिक्षिका किरण, सुशील, सुमित्रा, ईश्वर, बीके कलावती, बीके सज्जन भाई, बीके कृष्णा, बीके दीनानाथ, बीके मंजू अग्रवाल, बीके अंजू, बीके रोनित तथा बीके ज्योति सहित अनेक ब्रह्मावत्सों ने पौधारोपण कर पर्यावरण एवं प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया।
