भारतीय भाषा समर कैंप में कला एवं संस्कृति पर केंद्रित रहीं गतिविधियां

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। शिक्षा विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार तथा प्रधानाचार्य वंदना महता के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तिगड़ाना में आयोजित भारतीय भाषा समर कैंप का एक दिन कला एवं संस्कृति विषय को समर्पित रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। डाइट से पहुंची मोनिका कौशिक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना महता ने विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं, बोलियों और सांस्कृतिक विरासत के महत्व से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि भारतीय भाषा समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, रचनात्मक सोच तथा भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है। साथ ही विद्यार्थियों को देश की विभिन्न बोलियों एवं भाषाओं की विविधता की जानकारी भी दी गई। हिन्दी अध्यापिका अनीता देवी एवं बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग की अध्यापिका मीनाक्षी वधवा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कैंप के दौरान गीत एवं कविता पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता, कहानी वाचन तथा लोक नृत्य जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया।विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लोकगीतों, कविताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों का मन मोह लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।

वहीं कहानी वाचन गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने नैतिक मूल्यों एवं प्रेरणादायक प्रसंगों को साझा किया। लोक नृत्य कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।इस अवसर पर बैंकिंग एंड फाइनेंस विभाग की अध्यापिका मीनाक्षी वधवा, सुशीला देवी, अनीता देवी, वीणा मदान, अजीत सिंह, बलदेव प्रकाश, साक्षी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!