राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। भिवानी में बहुजन समाज पार्टी की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय प्रभारी मान्यवर सी.पी. सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर तथा स्टेट प्रभारी महेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्रीय प्रभारी मान्यवर सी.पी. सिंह ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करना है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सेक्टर कमेटियों एवं बूथ कमेटियों का गठन तेजी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले एक माह के भीतर चारों विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर कमेटियों का गठन पूरा कर लिया जाएगा। मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और इसी आधार पर बसपा प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्ण जमालपुर ने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की भर्तियों में बाहरी राज्यों के युवाओं को विभिन्न नियमों और प्रावधानों का लाभ देकर हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। प्रदेश का युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है, जबकि सरकार उसकी अनदेखी कर रही है। बहुजन समाज पार्टी हरियाणा के युवाओं के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी और रोजगार में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
डॉ. जमालपुर ने प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि गांवों में अतिक्रमण हटाने तथा अन्य प्रशासनिक कार्रवाइयों के नाम पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को परेशान किया जा रहा है। कई स्थानों पर लोगों के मकानों को तोड़कर उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान करने पर ध्यान देना चाहिए, न कि उन्हें परेशान करने पर।
प्रदेश सचिव एवं भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा प्रभारी पवन ठाकुर ने कहा कि भिवानी शहर में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। भीषण गर्मी के बावजूद शहर के अनेक क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन को इस समस्या के समाधान के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए, ताकि लोगों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रदीप रंग ने की। इस अवसर पर पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा बहुजन समाज पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
