राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पंजाबी समाज की प्रतिनिधि प्रिया असीजा ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति की गई कथित आपत्तिजनक, अभद्र और चरित्र हनन करने वाली टिप्पणियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन, भिवानी में लिखित शिकायत देकर संबंधित महिला के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।प्रिया असीजा ने कहा कि सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में महिलाओं के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किया गया है। किसी भी महिला के चरित्र पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करना न केवल सामाजिक और नैतिक दृष्टि से अनुचित है, बल्कि यह कानूनन भी दंडनीय हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां महिलाओं के प्रति नकारात्मक मानसिकता को बढ़ावा देती हैं और समाज में गलत संदेश देती हैं।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग किसी व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं, की छवि खराब करने या उनका अपमान करने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। यदि ऐसी प्रवृत्तियों पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई तो समाज में असुरक्षा और वैमनस्य का माहौल पैदा हो सकता है।
प्रिया असीजा ने पुलिस प्रशासन से शिकायत पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शिकायत पर निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मामले को उच्च पुलिस अधिकारियों, महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग और अन्य सक्षम मंचों के समक्ष उठाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर व्यापक जन आंदोलन भी किया जाएगा।
प्रिया असीजा ने कहा कि महिलाओं की गरिमा की रक्षा करना समाज और प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के विरुद्ध अपमानजनक और चरित्र हनन करने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
