राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। सेपक टकरा खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बीएसएफ और केनरा बैंक में चयनित खिलाड़ियों का जिला सेपक टकरा संघ भिवानी द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। इस उपलब्धि पर पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय प्रतिभा विकास मंच की मुख्य संरक्षक सुनीता दुग्गल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला सेपक टकरा संघ के महासचिव एवं बीडीएसए रेलवे अकादमी के मुख्य कोच सतबीर सिंह देहरान ने बताया कि बीएसएफ द्वारा स्पोर्ट्स कोटे के तहत निकाली गई भर्ती में हरियाणा के चार लड़कियों और दो लड़कों का चयन हुआ है, जबकि एक खिलाड़ी का चयन केनरा बैंक में हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य में सेपक टकरा खेल की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
सम्मान समारोह में रेलवे विभाग के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) सुशील कुमार, जिला सेपक टकरा संघ के अध्यक्ष भानु प्रकाश शर्मा, सह सचिव मोनू जावला, कोच राकेश, अरुण, सुनीता, नेहा एवं राजन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। चयनित खिलाड़ियों में पूजा, सोनू पुनिया, हिमानी, तन्नू, मोनू गोयत, सोनिका और उज्ज्वल शामिल हैं।
सुशील कुमार ने कहा कि सेपक टकरा खेल लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस खेल के खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश एवं रेलवे का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे में भी अब सेपक टकरा को एक उभरते हुए और संभावनाशील खेल के रूप में देखा जाने लगा है। खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय उन्होंने मुख्य कोच सतबीर सिंह देहरान के समर्पण, मार्गदर्शन और अथक मेहनत को दिया।
जिला सेपक टकरा संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील शास्त्री एवं उपाध्यक्ष जगदीप शर्मा ने हरियाणा सरकार से मांग करते हुए कहा कि अन्य खेलों की भांति सेपक टकरा को भी हरियाणा खेल नीति में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह खेल एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप, एशियन चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया, बीच गेम्स और स्कूल गेम्स जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर खेला जाता है तथा भारतीय खिलाड़ी लगातार पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में सेपक टकरा को खेल नीति में शामिल किया जा चुका है। इसलिए हरियाणा सरकार को भी खिलाड़ियों के हितों और खेल के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए इसे जल्द से जल्द खेल नीति में शामिल करना चाहिए।
