राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। देश के अमर शहीदों की पावन स्मृति और बेटियों के जन्मदिन के विशेष अवसर को अनूठे और परोपकारी अंदाज में मनाते हुए भिवानी में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह मानवीय पहल अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारी एवं अपराध नियंत्रण परिषद के तत्वावधान में सोमवार को स्थानीय पुराना बस स्टैंड के नजदीक स्थित फ्रीडम ब्लड बैंक में की गई।
यह शिविर जहां एक ओर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को नमन करने का जरिया बना, वहीं दूसरी ओर समाज में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और उनके अस्तित्व का जश्न मनाने का एक बेहद सकारात्मक संदेश दे गया। यह रक्तदान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुण्यतिथि, अमर शहीद उधम सिंह शहीदी दिवस तथा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में तथा बेटियों के जन्मदिन पर आयोजित किया गया था।
इस राष्ट्रीय गौरव के क्षण के साथ-साथ परिषद के मुख्य आयुक्त (मानवाधिकार) डा. राजू मेहरा की सुपुत्री माहिका मेहरा के 9वें जन्मदिन और भिवानी के ही डा. अनुज यादव की सुपुत्री वामिका यादव के द्वितीय जन्मदिन के पावन अवसर को जोड़ा गया। युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने भारी संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। इस दौरान पूर्व सैनिक ईश्वर सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी सुनीता देवी ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान 21 लोगों ने रक्तदान किया, जिन्हे अतिथियों व आयोजकों ने बैज लगाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारी एवं अपराध नियंत्रण परिषद के मुख्य आयुक्त डा. राजू मेहरा ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान से बड़ा दुनिया में कोई दूसरा दान नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी मरते हुए व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। और जब यह परोपकारी कार्य हमारे देश की सीमा की रक्षा करने वाले वीर शहीदों के सम्मान में तथा घर की लक्ष्मी यानी बेटियों के जन्मदिन जैसे शुभ और पावन अवसर पर किया जाए, तो इसका आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व कई गुना और अधिक बढ़ जाता है।
डा. राजू मेहरा और डा. अनुज यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि अक्सर लोग जन्मदिन और अन्य उत्सवों पर भारी खर्च करते हैं, लेकिन अगर ऐसे शुभ अवसरों को रक्तदान जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों से जोड़ा जाए, तो इससे समाज में एक नई और सकारात्मक सोच पैदा होती है। शहीदों की याद में किया गया यह रक्तदान युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगा, वहीं बेटियों के जन्मदिन पर इस तरह के आयोजन समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और उनके महत्व को और अधिक स्थापित करेंगे।
इस अवसर पर जय सिंह आईएचआरसीसीसी चेयरमैन, अनुज यादव, सितेंद्र तालु सदस्य, सुमित नागर, नरेंद्र कुमार भैणी, अनूप पपोसा, नितिन, सुमित, रविन्द्र वैद्य, अशोक यादव, सचिन पालूवास, हर्ष यादव, सुमित बिरन, सुधीर मुंढाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
