राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
स्वामी नितानन्द सेवा समिति के तत्वावधान में आध्यात्मिक चेतना, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश
झज्जर।स्वामी नितानन्द महाराज की पावन प्रेरणा से तपोभूमि जटेला धाम आश्रम के पीठाधीश्वर महंत राजेंद्र दास महाराज के परम सानिध्य में स्वामी नितानन्द सेवा समिति, झज्जर द्वारा 11 जुलाई को एक दिव्य आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागृति, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे नशा मुक्त साइकिल यात्रा से होगी। यह यात्रा जवाहरलाल स्टेडियम से प्रारंभ होकर अनाज मंडी, झज्जर तक निकाली जाएगी। यात्रा के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया जाएगा।इसके बाद सायं 3:30 बजे दिव्य वाणी सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें महंत स्वामी राजेंद्र दास महाराज श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, मानव सेवा, सदाचार और सत्कर्मों का महत्व बताएंगे। सत्संग के माध्यम से जीवन में सकारात्मक सोच और संस्कारों को अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी।कार्यक्रम का समापन सायं 5:00 बजे संध्या आरती के साथ होगा।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण भी किया जाएगा। समिति ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया है।समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, युवाओं एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर आध्यात्मिक, सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण के इस जनकल्याणकारी अभियान का हिस्सा बनें तथा नशामुक्त एवं हरित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
